जबलपुर में एडवेंचर पार्क ‘फनिंगो क्लब’ में भीषण आग, इलाके में मचा हड़कंप



जबलपुर। बरगी थाना क्षेत्र के चूल्हा गोलाई स्थित एडवेंचर पार्क फनिंगो क्लब में बुधवार को भीषण आग लगने से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगना बताई जा रही है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया, जिससे पार्क परिसर में मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग के करीब 5 वाहन मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का अभियान तेज कर दिया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही बरगी थाना और तिलवारा थाना पुलिस भी तत्काल मौके पर पहुंच गई। प्रशासन, पुलिस और दमकल की संयुक्त टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई है।

बताया जा रहा है कि फनिंगो क्लब में एडवेंचर और मनोरंजन से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां संचालित होती थीं, जहां रोजाना बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। आग की गंभीरता को देखते हुए जनहानि की आशंका भी जताई जा रही है, हालांकि अभी तक किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

फिलहाल दमकल की टीमें लगातार आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं। एहतियातन आसपास के क्षेत्र को खाली कराया जा रहा है और स्थिति पर प्रशासन की लगातार नजर बनी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post