जबलपुर। शहर में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत क्राइम ब्रांच और गोसलपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मोहतरा टोल प्लाजा पर घेराबंदी कर एक सफेद रंग की हुंडई कार से दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से एक देशी पिस्टल और 170 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं, जिन्हें वे उत्तर प्रदेश से तस्करी कर लाए थे।
सूचना पर बिछाया जाल
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (अपराध) जितेन्द्र सिंह ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि कटनी की ओर से आ रही कार क्रमांक एमपी 20 सीके 6302 में अवैध हथियारों की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना की पुष्टि होते ही टीम ने मोहतरा टोल प्लाजा पर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
तलाशी में खुला राज
कार की तलाशी के दौरान दरोगा उर्फ विशाल पाण्डे (25) निवासी महाराजपुर की कमर से एक देशी पिस्टल बरामद हुई। वहीं वाहन के डैशबोर्ड से 160 नग (32 बोर) जिंदा कारतूस मिले। उसके साथ बैठे आदर्श बेन (22) निवासी सुहागी के पास से 10 नग (315 बोर) कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर पूछताछ शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश से जुड़े तार
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि कारतूस वे उत्तर प्रदेश के अतर्रा (बांदा) से भोला मामा नामक व्यक्ति से 80 हजार रुपये में खरीदकर लाए थे। इसमें विशाल पाण्डे ने 72 हजार रुपये और आदर्श बेन ने 8 हजार रुपये निवेश किए थे।
पुलिस अब इस अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क के मुख्य सरगना की तलाश में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों तक भी पहुंच बनाई जाएगी।
