जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र की गुजराती कॉलोनी में एक सूने मकान को निशाना बनाकर घुसे चोर की चालाकी उस वक्त धरी रह गई, जब घर मालिक और कॉलोनीवासी सतर्क हो गए। घबराहट में आरोपी ने पहले लोहे का औजार फेंका और फिर छत से छलांग लगा दी, लेकिन अंततः उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार अरुण रघुवंशी (23), निवासी चंदन कॉलोनी, गढ़ा थाने में प्रधान आरक्षक के पद पर पदस्थ हैं। बुधवार को उन्होंने रिपोर्ट दर्ज कराई कि नाइट ड्यूटी के चलते वे अपने घर में ताला लगाकर ड्यूटी पर गए थे।
सुबह करीब 5 बजे जब वे वापस लौटे तो घर का दरवाजा खुला मिला। आशंका होने पर उन्होंने लाइट जलाकर घर के भीतर देखा, तभी एक संदिग्ध व्यक्ति छत की ओर भागता दिखाई दिया। अरुण रघुवंशी ने शोर मचाया तो पड़ोसी शुभम पटैल, अनुपम भट्ट और रोहन कोरी मौके पर पहुंच गए।
सभी ने मिलकर आरोपी का पीछा किया। खुद को घिरता देख आरोपी ने हाथ में लिया लोहे का औजार उनकी ओर फेंक दिया और छत से नीचे कूद गया। कॉलोनीवासियों ने नीचे पहुंचकर उसे धर दबोचा। पूछताछ में उसने अपना नाम धर्मेन्द्र मेश्राम (44), निवासी शांतिनगर परसवाड़ा, थाना संजीवनी नगर बताया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर आरोपी धर्मेन्द्र मेश्राम को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
.jpg)