रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भारत आ रहे हैं, दौरे का आ गया पूरा शेड्यूल, यहां जानें सब कुछ

 


Vladimir Putin India Visit: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के भारत दौरे का शेड्यूल जारी हो गया है। पुतिन दिसंबर महीने में भारत दौरे पर आ रहे हैं। राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 4-5 दिसंबर को भारत दौरे पर रहेंगे। भारत दौरे के दौरान पुतिन राष्ट्रपति मुर्मू और पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। भारत के विदेश मंत्रालय ने भी एक आधिकारिक बयान जारी कर इस यात्रा की पुष्टि की है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ने रूस से तेल खरीदने की वजह से भारत पर टैरिफ लगाने के बीच पुतिन का भारत दौरा कई मायनों में खास होने वाला है।
इस यात्रा से रूस और भारत के संबंध और मजबूत होंगे। हाल ही में भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर रूस दौरे पर गए थे। उस दौरान उनका स्वागत करते हुए रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा था कि पुतिन की भारत यात्रा जल्द होगी। जयशंकर की यात्रा के कुछ दिन बाद ही अब पुतिन भारत आ रहे हैं।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, इस यात्रा से भारत और रूस के बीच द्विपक्षीय संबंधों की प्रगति की समीक्षा होगी और सहयोग के अगले चरण की दिशा तय की जाएगी। दोनों देशों के बीच यह बैठक 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के तहत होगी। अधिकारियों के मुताबिक, बातचीत में क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा होगी। साथ ही दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे रणनीतिक संबंधों को और मजबूत करने पर भी फोकस रहेगा।
पुतिन ने इससे पहले साल 2021 में नई दिल्ली का दौरा किया था, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पिछले साल जुलाई में वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए मॉस्को गए थे। विदेश मंत्रालय (MEA) ने एक आधिकारिक बयान में कहा, ‘आगामी राजकीय यात्रा भारत और रूस के नेतृत्व को द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा करने, ‘विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी’ को मजबूत करने के लिए भविष्य की रूपरेखा तय करने और दोनों देशों की साझा रुचि के क्षेत्रीय व वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करने का अवसर देगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post