RDVV कर्मचारी संघ चुनाव: संजय यादव पैनल की बड़ी जीत, अध्यक्ष बने संजय यादव



जबलपुर। रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय (RDVV) शैक्षणेत्तर कर्मचारी संघ की नई कार्यकारिणी के लिए बुधवार को हुए मतदान में संजय यादव पैनल ने निर्णायक बढ़त हासिल करते हुए बड़ी जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में संजय यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों को लंबे अंतर से हराकर जीत अपने नाम की।

चुनाव परिणामों के अनुसार, संजय यादव को कुल 217 मत प्राप्त हुए, जबकि वीरेंद्र पटेल को 88 और प्रेम प्रकाश पुरोहित को 72 वोट मिले। इस तरह संजय यादव ने स्पष्ट बहुमत के साथ अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया।

अन्य पदों के परिणाम भी घोषित कर दिए गए हैं। उपाध्यक्ष के दो पदों पर रामसजीवन सोंधिया और वीरेंद्र कुमार तिवारी निर्वाचित हुए। महासचिव पद पर अंकित श्रीवास ने जीत हासिल की। वहीं संयुक्त सचिव के रूप में रोहित आर्या और कोषाध्यक्ष पद पर सौरभ पटेल चुने गए।

कार्यकारिणी सदस्य के पांच पदों पर दीपक पांडेय, प्रकाश चौबे, गणेश प्रसाद उनेहा, सनी यादव और रामशंकर द्विवेदी विजयी घोषित किए गए।

चुनाव परिणाम सामने आने के बाद समर्थकों में उत्साह का माहौल रहा। विजयी उम्मीदवारों ने कर्मचारियों के हितों की रक्षा और विश्वविद्यालय के विकास के लिए मिलकर काम करने की बात कही।

Post a Comment

Previous Post Next Post