फर्जी बम धमकी से मचा हड़कंप, एक घंटे की तलाशी के बाद मिली राहत



जबलपुर। शहर के सिविल लाइन स्थित हेड पोस्ट ऑफिस और पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से बुधवार दोपहर हड़कंप मच गया। धमकी भरा ईमेल मिलते ही पूरे परिसर को हाई अलर्ट पर रखा गया और तत्काल पुलिस, बम स्क्वॉड व डॉग स्क्वॉड की टीमें मौके पर पहुंच गईं।

एक घंटे तक चला सघन सर्च ऑपरेशन

सुरक्षा एजेंसियों ने हेड पोस्ट ऑफिस के सभी विभागों, पार्सल सेक्शन और पासपोर्ट कार्यालय में करीब एक घंटे तक गहन तलाशी अभियान चलाया। हर कोने की बारीकी से जांच की गई, लेकिन कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद राहत की सांस लेते हुए धमकी को फर्जी माना गया।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 12:10 बजे पोस्ट ऑफिस अधीक्षक को एक ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें कुछ ही देर में विस्फोट होने की चेतावनी दी गई थी और परिसर तुरंत खाली करने को कहा गया था। मेल पढ़ते ही अधिकारियों ने बिना देर किए पुलिस और कंट्रोल रूम को सूचना दी।

बम स्क्वॉड ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही बम स्क्वॉड प्रभारी पंकज सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी और आसपास के क्षेत्रों में भी जांच की गई। सुरक्षा के मद्देनजर सभी पार्सलों की मेटल डिटेक्टर से जांच के निर्देश दिए गए हैं।

धमकी भरे ईमेल में मध्य प्रदेश के अन्य पासपोर्ट कार्यालयों को भी निशाना बनाने की बात कही गई थी, जिससे सुरक्षा एजेंसियां और अधिक सतर्क हो गई हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post