बैंक के बाहर बुजुर्ग से 98 हजार की ठगी, मदद के बहाने युवकों ने थमाई नकली गड्डी



जबलपुर। शहर में ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां बैंक के बाहर एक बुजुर्ग को मदद के बहाने झांसे में लेकर 98 हजार रुपए हड़प लिए गए। आधारताल थाना क्षेत्र के सुहागी इलाके में हुई इस वारदात में दो युवकों ने बेहद शातिर तरीके से नोटों की गड्डी में ऊपर-नीचे असली नोट रखकर बीच में कागज भर दिए और मौके से फरार हो गए। पूरी घटना बैंक के CCTV कैमरों में कैद हो गई है।

बैंक से पैसे निकालते ही बनाया निशाना
सुहागी निवासी 64 वर्षीय गुरुदत्त केवट मंगलवार दोपहर बैंक से 98 हजार रुपए निकालने पहुंचे थे। पर्ची भरने में दिक्कत होने पर उन्होंने पास खड़े एक युवक से मदद मांगी। पीली शर्ट पहने युवक ने फार्म भर दिया, जबकि उसका साथी भी वहीं आसपास मौजूद रहा।

पैसे निकालने के बाद दोनों युवक बुजुर्ग के साथ बैंक के बाहर आए और बातचीत में उलझाकर उन्हें एक गड्डी थमाते हुए कहा—“दादा, जल्दी से थैले में रख लो।” बुजुर्ग उनकी बातों में आ गए और बिना जांचे गड्डी थैले में रखकर ऑटो से घर पहुंच गए।

घर पहुंचते ही खुली ठगी की पोल
शाम करीब 5 बजे जब गुरुदत्त केवट ने अपने बेटे शिवा केवट को रुपए देने के लिए गड्डी खोली, तो उनके होश उड़ गए। गड्डी में ऊपर और नीचे के नोट असली थे, जबकि बीच में कागज के टुकड़े भरे हुए थे। कुल 98 हजार रुपए में से केवल 1 हजार रुपए ही असली निकले।

CCTV में कैद हुए संदिग्ध, तलाश तेज
घटना के बाद पीड़ित अपने बेटे के साथ तत्काल आधारताल थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बैंक पहुंचकर CCTV फुटेज खंगाले, जिसमें बुजुर्ग के आसपास संदिग्ध युवक नजर आए हैं।

आधारताल थाना प्रभारी टीआई प्रवीण कुमरे ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस की टीमों को रवाना कर दिया गया है।

मानसिक स्थिति का उठाया फायदा
पुलिस के अनुसार पीड़ित बुजुर्ग मानसिक रूप से भी कमजोर हैं, जिसका फायदा उठाकर ठगों ने पूरी वारदात को अंजाम दिया।

Post a Comment

Previous Post Next Post