फ्लाईओवर से गिरकर युवक की दर्दनाक मौत, रानीताल क्षेत्र में मचा हड़कंप



जबलपुर। शहर के रानीताल क्षेत्र में बुधवार दोपहर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब रानीताल पेट्रोल पंप और हनुमान मंदिर के बीच स्थित फ्लाईओवर से एक युवक अचानक नीचे गिर गया। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर मौजूद लोगों के होश उड़ गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवक चंचला बाई कॉलेज वाली लाइन की ओर फ्लाईओवर पर खड़ा था, तभी अचानक वह संतुलन खोकर नीचे आ गिरा। गिरते ही युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और सड़क पर खून फैल गया, जिससे वहां मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और राहगीरों ने मानवता दिखाते हुए घायल युवक को तत्काल पास के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन सिर पर गहरी चोट लगने के कारण युवक की जान नहीं बचाई जा सकी।

बताया जा रहा है कि रानीताल फ्लाईओवर से इस तरह गिरने की यह पहली घटना है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। फिलहाल मामले की जानकारी पुलिस को दे दी गई है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post