जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार और लापरवाही ने एक खुशहाल परिवार को उजाड़ दिया। घमापुर थाना अंतर्गत ग्राम तिलसानी में एक अनियंत्रित मालवाहक ट्रक ने बाइक सवार दंपती को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे पत्नी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पड़वार निवासी 35 वर्षीय अजय कुशवाह अपनी पत्नी प्रियंका काछी और 10 वर्षीय बेटे हिमांशु के साथ बाइक (MP 20 ZA 7993) से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे तिलसानी तिराहे के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार मालवाहक ट्रक (MP 20 GA 4165) ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भयावह थी कि प्रियंका सीधे ट्रक के नीचे जा गिरीं और ट्रक का अगला पहिया उनके सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। यह दृश्य इतना वीभत्स था कि मौके पर मौजूद लोग सन्न रह गए।
वहीं, इस हादसे में मासूम बेटा हिमांशु चमत्कारिक रूप से पूरी तरह सुरक्षित बच गया, जबकि अजय को मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही घमापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया गया है।
बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ट्रक की तेज रफ्तार व लापरवाही के एंगल से जांच शुरू कर दी है।
