नुक्कड़ नाटक के जरिए स्वच्छता का संदेश, घसिया बस्ती में चला जन-जागरूकता अभियान


जबलपुर। शहर को स्वच्छता के पायदान पर शीर्ष स्थान तक पहुंचाने के संकल्प के साथ नगर निगम लगातार नवाचार और जनजागरूकता कार्यक्रम चला रहा है। इसी कड़ी में निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के निर्देशानुसार संभाग क्रमांक 16 के वार्ड क्रमांक 50 अंतर्गत घसिया बस्ती में प्रभावी नुक्कड़ नाटक एवं स्वच्छता जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने जीवंत अभिनय के माध्यम से स्वच्छता के महत्व को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक के जरिए स्थानीय नागरिकों को बताया गया कि गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखना, डस्टबिन का उपयोग करना और आसपास साफ-सफाई बनाए रखना जैसी छोटी-छोटी आदतें पूरे क्षेत्र की तस्वीर बदल सकती हैं।

बच्चों और महिलाओं में दिखा उत्साह

कार्यक्रम की खास बात यह रही कि क्षेत्र के स्कूली बच्चों और महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। बच्चों को ‘स्वच्छता दूत’ के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया, वहीं महिलाओं को घर से निकलने वाले कचरे के सही निपटान और प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली अपनाने की जानकारी दी गई। इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने सामूहिक रूप से अपने वार्ड को आदर्श और स्वच्छ बनाने का संकल्प भी लिया।

सामुदायिक भागीदारी से बनेगा स्वच्छ जबलपुर

नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि स्वच्छता को एक संस्कार के रूप में विकसित करना है। घसिया बस्ती में आयोजित यह कार्यक्रम इस बात का उदाहरण है कि जब कला और जन-जागरूकता का संगम होता है, तो उसका प्रभाव गहरा और स्थायी होता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post