खेत के गड्ढे में डूबने से दो मासूम सगे भाइयों की मौत, गांव में पसरा मातम



शाम को खेलते-खेलते पहुंचे खेत, पानी से भरे गहरे गड्ढे में गिरने से गई जान


सिवनी (कांहीवाड़ा): जिले के कांहीवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मेहरा खापा के रिसाई टोला में शुक्रवार रात एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां खेत में बने पानी से भरे गड्ढे में डूबने से एक ही परिवार के दो मासूम सगे भाइयों की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना 27 मार्च की शाम लगभग 7 से 8 बजे के बीच की बताई जा रही है। मृत बच्चों की पहचान कृष्णा मरस्कोले (9 वर्ष) और काव्य मरस्कोले (5 वर्ष), पिता दिनेश मरस्कोले, निवासी रिसाई टोला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे शाम के समय घर के पास स्थित खेत में खेलते-खेलते पहुंच गए थे।

खेलने के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से दोनों बच्चे खेत में बने गहरे गड्ढे के पास पहुंच गए, जो पानी से लबालब भरा हुआ था। गहराई अधिक होने के कारण दोनों उसमें गिर गए और बाहर नहीं निकल सके, जिससे उनकी डूबकर मौत हो गई।

जब देर रात तक दोनों बच्चे घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद दोनों मासूमों के शव उसी खेत के गड्ढे से बरामद किए गए।

एक ही परिवार के दो बच्चों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं गांव में भी मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है।

घटना की सूचना मिलते ही कांहीवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शनिवार 28 मार्च को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

कांहीवाड़ा थाना प्रभारी संतोष पटले ने बताया कि गड्ढे में डूबने से दोनों बच्चों की मौत की सूचना प्राप्त हुई है। फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post