जबलपुर। विजयनगर थाना क्षेत्र के शिव नगर स्थित भवानी होटल के पास 13 मार्च को हुई मारपीट और चाकूबाजी की घटना में फरार चल रहे दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी राजीव मुड़िया और उसका साथी सुख केवट ने संतोष कहार नामक व्यक्ति के साथ पहले मारपीट की और फिर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया था। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना विजयनगर पुलिस लगातार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और इनके खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
