जबलपुर। शहर के रांझी स्थित सिविल अस्पताल के विस्तार का कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है। शासन द्वारा अस्पताल में 50 अतिरिक्त बेड बढ़ाए जा रहे हैं, जिससे यहां की कुल क्षमता और स्वास्थ्य सुविधाओं में बड़ा इजाफा होगा। लगभग 24 करोड़ रुपये की लागत से ग्राउंड प्लस 4 मंजिला नए भवन का निर्माण कराया जा रहा है।
नई इमारत में मरीजों की सुविधा के लिए दो लिफ्ट, दो मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर और अत्याधुनिक पैथोलॉजी लैब की व्यवस्था की जा रही है, जहां सभी प्रकार की जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके साथ ही अस्पताल में 50 बिस्तरों के नए वार्ड का भी निर्माण किया गया है। अस्पताल में सीटी स्कैन, सोनोग्राफी और एक्स-रे मशीनों की स्थापना हो चुकी है, जिससे मरीजों को बेहतर और त्वरित जांच सुविधा मिल सकेगी।
निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेने कलेक्टर दीपक सिंह और संयुक्त स्वास्थ्य संचालक डॉ. संजय मिश्रा ने अस्पताल पहुंचकर निरीक्षण किया। अधिकारियों ने निर्माण कार्य में तेजी लाने और समयसीमा में इसे पूर्ण करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों के अनुसार, अगले 3 से 4 सप्ताह में भवन का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। शासन ने 30 अप्रैल तक परियोजना को पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसके बाद मुख्यमंत्री द्वारा इसका उद्घाटन किया जाएगा।
अस्पताल के इस विस्तार से क्षेत्र के हजारों मरीजों को आधुनिक और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी, जिससे स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
