जबलपुर। गोहलपुर थाना क्षेत्र के अमखेरा स्थित गोकुलधाम सोसाइटी में सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक बिल्डर पर तीन अज्ञात बदमाशों ने चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में बिल्डर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार घायल संदीप गुप्ता (50), निवासी आस्था परिसर, न्यू रामनगर अधारताल, पेशे से बिल्डर हैं। उन्होंने बताया कि वह सुशीला परिसर स्थित अपनी निर्माण साइट से दोपहिया वाहन से घर लौट रहे थे। जैसे ही वह सुशीला परिसर गेट के पास पहुंचे, वहां पहले से मौजूद तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने संदीप गुप्ता से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर बदमाशों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर एक आरोपी ने चाकू निकालकर उनकी दोनों जांघों पर कई वार कर दिए, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर पड़े।
घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत मेट्रो अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
गोहलपुर थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(बी), 118(1), 119(1), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
