जबलपुर। शहर में चांदी के निवेश में भारी मुनाफे का लालच देकर लाखों की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर ज्वेलरी शॉप संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पाटन निवासी मनोज कुमार पांडे को कोतवाली थाना क्षेत्र के उपरैनगंज निवासी विनोद सोनी ने चांदी के बढ़ते रेट का झांसा दिया। आरोपी विनोद सोनी “श्री बालाजी ज्वेलर्स” नाम से दुकान संचालित करता है और दोनों के बीच पहले से पहचान थी।
बताया गया कि विनोद ने मनोज को भरोसा दिलाया कि चांदी में निवेश करने पर उसे जल्द ही अच्छा मुनाफा मिलेगा। उसकी बातों में आकर मनोज ने करीब 40 लाख रुपए चांदी खरीदने के नाम पर आरोपी को दे दिए।
समय बीतने के बाद जब न तो मुनाफा मिला और न ही मूल रकम वापस हुई, तो पीड़ित ने अपने पैसे लौटाने की मांग की। इस पर आरोपी ने कुछ चेक दिए, जो बैंक में लगाने पर बाउंस हो गए। दबाव बनाने पर आरोपी ने केवल 5 लाख रुपए लौटाए, जबकि शेष 35 लाख रुपए हड़प लिए।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
.jpg)