लकड़गंज चौक पर बुलाकर युवक पर जानलेवा हमला, चाकुओं से गोदकर किया गंभीर घायल



बेलबाग थाना क्षेत्र में वारदात, तीन आरोपी फरार — अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा युवक

जबलपुर। शहर के बेलबाग थाना क्षेत्र में बीती रात एक युवक पर सुनियोजित तरीके से जानलेवा हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। बदमाशों ने युवक को फोन कर लकड़गंज चौक बुलाया और वहां पहले से घात लगाकर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक का इलाज निजी अस्पताल में जारी है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
 फोन कॉल बना हमले की साजिश का जरिया

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शेख रिजवान उर्फ बल्लू खान (30), निवासी लकड़गंज मस्जिद के पीछे बेलबाग, नरघैया स्थित एक कपड़ा दुकान में कार्यरत है। बीती रात करीब 8 बजे वह अपने घर पर था, तभी उसके मोबाइल पर सैमूर खान का कॉल आया। कॉल रिसीव न हो पाने पर रिजवान ने वापस संपर्क किया, जिस पर सैमूर ने उसे लकड़गंज चौक बुलाया।
पहले से घात लगाए बैठे थे हमलावर

जैसे ही रिजवान बताए गए स्थान पर पहुंचा, वहां सैमूर खान लाल रंग की रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल के साथ मौजूद था। वहीं दो अन्य युवक स्प्लेंडर बाइक पर सवार थे, जिनके चेहरे मास्क से ढके हुए थे।

रिजवान के पहुंचते ही सैमूर खान ने इशारा करते हुए कथित तौर पर कहा— "यही है रिजवान, इसे जान से मारो।" इसके बाद दोनों हमलावरों ने उस पर चाकुओं से हमला कर दिया।
 सीना, कंधा और जांघ पर गहरे वार

हमले में रिजवान के सीने, कंधे, पैर और जांघ में गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ हालत में वह वहीं गिर पड़ा। इसी दौरान उसका भाई इमरान और नीरज सोनकर मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखते ही तीनों आरोपी बाइक से दर्शन चौक की ओर फरार हो गए।
 निजी अस्पताल में चल रहा इलाज

घायल को परिजन तत्काल विक्टोरिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेट्रो अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
 मामला दर्ज, आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post