मंडला। जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। यह धमकी एक अज्ञात ईमेल के जरिए मिली, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन तुरंत हरकत में आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ते के साथ मौके पर पहुंची और कोर्ट परिसर की सघन जांच शुरू कर दी गई।
पुलिस ने एहतियातन पूरे न्यायालय परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी है। आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। साथ ही इस मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर ईमेल भेजने वाले की पहचान के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
इस पूरे मामले पर एसडीओपी मंडला पीयूष मिश्रा ने बताया कि सुबह जिला एवं सत्र न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस द्वारा परिसर के चप्पे-चप्पे की जांच की जा रही है, ताकि किसी भी संभावित खतरे का समय रहते पता लगाया जा सके।
पहले भी मिल चुकी हैं धमकियां
गौरतलब है कि इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। हाल ही में बड़वानी जिला कोर्ट को भी इसी तरह ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस दौरान प्रशासन ने तत्काल कोर्ट परिसर खाली कराकर तलाशी अभियान चलाया था। घटना के बाद कोर्ट में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था और वकीलों के चैंबर सहित आसपास की दुकानें भी एहतियातन बंद करा दी गई थीं।
