जबलपुर। शहर के पुलिस अधीक्षक कार्यालय में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती ने खुद पर पेट्रोल छिड़ककर आत्मदाह की कोशिश कर दी। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया और युवती को समय रहते बचा लिया गया।
जानकारी के अनुसार बेलबाग थाना क्षेत्र के चौधरी मोहल्ला निवासी युवती ने आरोप लगाया है कि रायसेन निवासी एक युवक ने पिछले 6 वर्षों से शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का कहना है कि लंबे समय तक शोषण करने के बाद अब आरोपी युवक दूसरी युवती से शादी करने की तैयारी में है।
युवती ने बताया कि जब उसने आरोपी पर शादी का दबाव बनाया, तो वह मुकर गया और उसे छोड़ दिया। इंसाफ के लिए भटक रही पीड़िता करीब एक सप्ताह पहले बेलबाग थाने भी पहुंची थी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने उसकी शिकायत पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।
पुलिस की निष्क्रियता से आहत होकर युवती ने यह आत्मघाती कदम उठाने की कोशिश की। घटना के बाद पुलिस ने उसे सुरक्षित हिरासत में लेकर बेलबाग थाने भेज दिया।
वहीं बेलबाग थाना प्रभारी जितेंद्र ने बताया कि युवती फिलहाल एफआईआर दर्ज नहीं कराना चाहती, बल्कि वह युवक से शादी करना चाहती है। मामले की जांच की जा रही है और युवती की काउंसलिंग कराई जा रही है। यदि पीड़िता कार्रवाई के लिए तैयार होती है, तो नियमानुसार प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
.jpg)