अपार्टमेंट में घुसे 12 गुंडे… CCTV में कैद दहशत, पुलिस फिर भी खामोश!”



जबलपुर। शहर के गोरखपुर थाना क्षेत्र स्थित नर्मदा एवेन्यू अपार्टमेंट में देर रात हुई गुंडागर्दी ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी। 10 से 12 की संख्या में आए नशे में धुत बदमाशों ने न सिर्फ जबरन परिसर में घुसकर तोड़फोड़ की, बल्कि वहां रह रहे परिवारों के बीच दहशत का माहौल बना दिया।

बताया जा रहा है कि रात करीब 11:10 बजे शैवाल नायक उर्फ बमबम और आशीष कुमार दास अपने साथियों के साथ अपार्टमेंट में घुसे और सबसे पहले सुरक्षाकर्मी संजय झारिया को निशाना बनाया। बदमाशों ने उसके साथ जमकर मारपीट की और महिलाओं व बच्चों के सामने अभद्रता की, जिससे पूरे परिसर में भय का माहौल फैल गया।

इस पूरी घटना की तस्वीरें अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई हैं। फुटेज में आरोपी खुलेआम गाली-गलौज और हिंसा करते नजर आ रहे हैं। रहवासियों ने यह सबूत पुलिस को सौंप दिया है, लेकिन सवाल यह है कि इतने पुख्ता सबूतों के बावजूद अब तक कोई गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई?

पीड़ितों के अनुसार घटना के दौरान ही रात 11:16 बजे 100 और 112 पर कॉल कर मदद मांगी गई थी, लेकिन पुलिस के पहुंचने तक हालात बिगड़ चुके थे। इससे पहले भी 15 जनवरी से 10 अप्रैल के बीच कई बार पुलिस अधीक्षक और नगर निगम को लिखित शिकायत दी जा चुकी है, मगर हर बार कार्रवाई अधूरी ही रही।

मामले ने तब और गंभीर रूप ले लिया जब सुरक्षाकर्मी संजय झारिया ने अनुसूचित जाति से होने के कारण अजाक थाने में भी शिकायत दर्ज कराई। गंभीर धाराओं में केस दर्ज होने के बावजूद आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post