क्लिनिक बंद कर घर लौट रहे थे पीड़ित, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की आरोपियों की तलाश
जबलपुर।जिले के पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत बगदरी घाटी के पास दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नकाबपोश बाइक सवार चार बदमाशों ने एक युवक को चाकू अड़ाकर ₹22 हजार नगद और चांदी की चैन लूट ली। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम सैलवाड़ा तेंदूखेड़ा निवासी छोटू रैकवार पाटन के ग्राम पौड़ी कला में एक क्लिनिक संचालित करता है, जहां वह ग्रामीणों का इलाज करता है। रविवार दोपहर करीब एक बजे वह क्लिनिक बंद कर मोटरसाइकिल से अपने घर के लिए निकला था।
बताया जा रहा है कि बगदरी घाटी के पास छोटू रैकवार लघु शंका के लिए रुका था। इसी दौरान पीछे से आए चार नकाबपोश बदमाशों ने उसे घेर लिया और गर्दन पर चाकू अड़ा दिया। अचानक हुए हमले से घबराए छोटू कुछ समझ पाता, उससे पहले ही बदमाशों ने उसके गले से चांदी की चैन और जेब में रखे ₹22 हजार लूट लिए।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। घबराए पीड़ित ने राहगीरों की मदद से थाना पहुंचकर पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है और नकाबपोश लुटेरों की तलाश तेज कर दी गई है। आसपास के इलाकों में सघन जांच और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
