जबलपुर में फायरिंग से दहशत: युवक के हाथ में लगी गोली, आरोपी फरार

 


जबलपुर। शहर के घमापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मयूरकला मंदिर के पास बीती रात उस समय सनसनी फैल गई, जब आपसी विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया और गोलीबारी की घटना हो गई। इस वारदात में एक युवक घायल हो गया, जिसके हाथ में गोली लगी है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

 विवाद के दौरान चली गोली

पुलिस जांच में सामने आया है कि छोटी ओमती उड़िया मोहल्ला निवासी 28 वर्षीय लकी यादव मयूरकला मंदिर के पास एक स्वीट्स दुकान के सामने खड़े होकर आइसक्रीम खा रहा था। इसी दौरान उसके साथी निखिल कंजा और बाबू सिंधी भी वहां पहुंच गए। तीनों के बीच बातचीत चल ही रही थी कि तभी यश थोराट वहां आ धमका।

बताया जा रहा है कि यश थोराट ने आते ही बाबू सिंधी के साथ अपशब्दों का इस्तेमाल शुरू कर दिया। जब बाबू सिंधी ने इसका विरोध किया, तो विवाद तेजी से बढ़ गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

 जान से मारने की नीयत से फायरिंग

गुस्से में आकर आरोपी यश थोराट ने पिस्टल निकालकर सीधे फायर कर दिया। फायरिंग के दौरान चली गोली निखिल कंजा के बाएं हाथ में जा लगी। अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों युवक जान बचाकर वहां से भाग निकले।

 पुलिस ने दर्ज किया मामला, तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही घमापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। लकी यादव की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी यश थोराट के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 296(ए) और 109(1) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post