शाम की सैर बनी खतरा… इंदिरा पार्क मोड़ पर झपट्टा मारकर सोने की चेन ले उड़े बदमाश, पुलिस जांच में जुटी
जबलपुर। शहर में चेन स्नैचिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला मदनमहल थाना क्षेत्र का है, जहां शाम की सैर पर निकली एक बुजुर्ग महिला बदमाशों का शिकार हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अग्रवाल कॉलोनी निवासी 65 वर्षीय श्रीमती रजनी चौरसिया रोजाना की तरह अपनी देवरानी चंद्रवती चौरसिया के साथ इंदिरा पार्क टहलने निकली थीं। बीती शाम करीब 6:20 बजे जब दोनों महिलाएं इंदिरा पार्क मोड़ के पास पहुंचीं, तभी पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक तेजी से आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक के पीछे बैठे युवक ने अचानक झपट्टा मारते हुए रजनी चौरसिया के गले में पहनी सोने की चैन खींच ली। चैन में सोने का लॉकेट भी लगा हुआ था। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से इंदिरा पार्क की ओर फरार हो गए।
पीड़िता ने बताया कि बाइक चला रहा युवक फिरोजी रंग की शर्ट पहने था, जबकि पीछे बैठा युवक दुबला-पतला और लंबा था, जिसने नेवी ब्लू रंग के कपड़े पहन रखे थे।
घटना की सूचना मिलते ही मदनमहल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
.jpg)