रुपये नहीं देने पर अधिवक्ता से मारपीट, शराब के नशे में आरोपी ने किया हमला




 अधारताल क्षेत्र की घटना | गाली-गलौज, हाथापाई के बाद जान से मारने की धमकी देकर फरार


जबलपुर।संस्कारधानी जबलपुर में कानून के जानकार ही अब असुरक्षित महसूस करने लगे हैं। अधारताल थाना क्षेत्र में एक अधिवक्ता के साथ केवल इस वजह से मारपीट कर दी गई क्योंकि उन्होंने शराब के लिए पैसे देने से इनकार कर दिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, अमित कुमार खरे (49 वर्ष), निवासी अमखेरा पेट्रोल पंप के पास, पेशे से अधिवक्ता हैं। रोजाना की तरह वह घर से पैदल टहलने निकले थे। जब वह अमखेरा की पुरानी बस्ती स्थित शिव मंदिर के पास पहुंचे, तभी मोहल्ले का रहने वाला आनंद कोरी शराब के नशे में वहां पहुंचा।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने अधिवक्ता से शराब पीने के लिए 1000 रुपये की मांग की। जब अधिवक्ता ने रुपये देने से साफ इनकार किया, तो आरोपी आग-बबूला हो गया और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर मामला और बिगड़ गया—आरोपी ने झूमाझपटी करते हुए हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया।

घटना के बाद आरोपी ने अधिवक्ता को जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया।

पुलिस कार्रवाई:
अधारताल थाना पुलिस ने आरोपी आनंद कोरी के खिलाफ धारा 296, 115(2), 119(1) और 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post