गुरंदी मछली मार्केट में भीषण आग, 3-4 दुकानें जलकर खाक .... शॉर्ट सर्किट की आशंका



संकीर्ण रास्तों ने बढ़ाई मुश्किलें, 5-6 दमकल वाहनों की मशक्कत के बाद आग पर काबू

जबलपुर।शहर के गुरंदी मछली मार्केट में रविवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक कबाड़ दुकान में भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की 3 से 4 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। शुरुआती तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।

सुबह करीब 9 बजे उठते धुएं के गुबार और आग की तेज लपटों ने पूरे बाजार क्षेत्र में दहशत फैला दी। चूंकि रविवार होने के कारण बाजार में खरीदारों की अच्छी-खासी भीड़ मौजूद थी, ऐसे में आग लगते ही भगदड़ जैसे हालात बन गए। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 5 से 6 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन बाजार का संकरा रास्ता और भीड़भाड़ फायर ब्रिगेड के लिए बड़ी चुनौती बन गया। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया और उसे रिहायशी इलाके में फैलने से रोक लिया।

फायर कर्मी राजेश जैन के अनुसार, आग की सूचना मिलते ही तत्काल टीम को रवाना किया गया था। मौके पर आग की तीव्रता को देखते हुए 4 दमकल वाहन और 2 टैंकर तैनात किए गए। घंटों की कड़ी मेहनत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका।

इस अग्निकांड में लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।

पहले भी हो चुकी है घटना
गौरतलब है कि मार्च माह में भी गुरंदी बाजार की एक अगरबत्ती दुकान में आग लगने की घटना सामने आई थी, जिसमें लाखों का नुकसान हुआ था। उस समय भी आग की वजह शॉर्ट सर्किट ही बताई गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने उस घटना में बिजली विभाग की देरी को लेकर सवाल उठाए थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post