बरगी बांध में बड़ा हादसा: पर्यटकों से भरा क्रूज पलटा, 35 सुरक्षित, 5 लापता



जबलपुर। शहर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बरगी बांध में गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा हो गया। पर्यटकों की सैर के लिए चलने वाला क्रूज शाम करीब 6 बजे अचानक अनियंत्रित होकर पानी में पलट गया। हादसे के वक्त क्रूज पर क्षमता से अधिक करीब 40 लोग सवार बताए जा रहे हैं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

35 लोगों को बचाया गया, 5 अब भी लापता
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और रेस्क्यू टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। अब तक 35 पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। वहीं, 5 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं, जिनकी तलाश में गोताखोर लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

रेस्क्यू ऑपरेशन तेज, प्रशासन अलर्ट मोड पर
सूचना मिलते ही पुलिस और होमगार्ड की टीमें मौके पर पहुंच गईं और युद्धस्तर पर बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। जबलपुर से अतिरिक्त रेस्क्यू टीमें और मेडिकल स्टाफ भी घटनास्थल के लिए रवाना कर दिए गए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार देने के लिए मौके पर ही अस्थायी चिकित्सा व्यवस्था की गई है।

हादसे के कारणों की जांच शुरू
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, क्रूज नियमित शाम की सैर पर था, तभी बीच पानी में असंतुलित होकर पलट गया। प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या फिर क्षमता से अधिक सवारियां होने से संतुलन बिगड़ा।

पर्यटन व्यवस्था पर उठे सवाल
इस हादसे के बाद बरगी बांध में संचालित पर्यटन और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं और लापता लोगों की तलाश जारी है।

Post a Comment

Previous Post Next Post