छिंदवाड़ा में दर्दनाक सड़क हादसा: पेड़ से टकराई कार, तीन की मौत, तीन गंभीर



छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के उमरानाला क्षेत्र में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच नागपुर में हज यात्रियों को छोड़कर सिंगोड़ी लौट रही कार (MP13-AJ-4859) अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

इस दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों का इलाज फिलहाल छिंदवाड़ा के एक निजी अस्पताल में जारी है।

पुलिस के अनुसार, हादसे की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां एक महिला की हालत नाजुक होने पर उसे नागपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, वाहन चालक और एक अन्य घायल ने छिंदवाड़ा में ही दम तोड़ दिया।

तीन घायलों की हालत गंभीर

कार में सवार अन्य तीन लोग भी हादसे में बुरी तरह घायल हुए हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। उनकी स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है।

नींद का झोंका बना हादसे की वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुबह के समय चालक को नींद का झोंका आने या वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरों को उजागर कर दिया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post