सतना। मध्य प्रदेश के सतना शहर के जवाहर नगर स्थित वन स्टॉप सेंटर से रविवार देर रात तीन नाबालिग बालिकाओं के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। सोमवार सुबह घटना का खुलासा होते ही केंद्र प्रबंधन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर बालिकाओं की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों बालिकाओं को बाल कल्याण समिति के निर्देश पर अस्थायी रूप से वन स्टॉप सेंटर में रखा गया था। इनमें से एक बालिका उत्तर प्रदेश के बिजनौर की निवासी है, जबकि अन्य दो सतना जिले के पौराणिक टोला और रामपुर बघेलान क्षेत्र से संबंधित बताई जा रही हैं।
खिड़की तोड़कर भागने की आशंका
बताया जा रहा है कि जिस डोरमेट्री में बालिकाएं ठहरी हुई थीं, उसकी पीछे की खिड़की को क्षतिग्रस्त कर वे एक-एक कर बाहर निकलीं और परिसर से दूर चली गईं। केंद्र में सीसीटीवी कैमरे और मुख्य द्वार पर सुरक्षा कर्मी की तैनाती के बावजूद, पीछे की ओर खुले मैदान की दिशा से निकलने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना ने केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस की टीमें सक्रिय, हर एंगल से जांच
घटना की जानकारी मिलते ही अधीक्षिका ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अलग-अलग टीमों का गठन किया है। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और शहर के अन्य संभावित स्थानों पर बालिकाओं की तलाश की जा रही है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर सुराग जुटाने की कोशिश जारी है।
परिजनों से भी संपर्क, सुरक्षित बरामदगी प्राथमिकता
पुलिस द्वारा बालिकाओं के परिजनों और परिचितों से भी संपर्क साधा जा रहा है, ताकि संभावित ठिकानों की जानकारी मिल सके। अधिकारियों का कहना है कि बालिकाओं की सुरक्षित बरामदगी सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
