मरघटाई के पास युवक पर चाकू से हमला, तीन आरोपी फरार

 



💥 पुराने विवाद में मांगे पैसे, मना करने पर किया जानलेवा वार

जबलपुर। शहर के हनुमानताल थाना क्षेत्र में एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घमापुर निवासी 22 वर्षीय योगेश श्रेष्ठ ने हनुमानताल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि वह हाईकोर्ट जबलपुर में आलोक बागरेचा के यहां मुंशी का कार्य करता है।

घटना के संबंध में योगेश ने बताया कि मंगलवार रात करीब 8:30 बजे वह अपने दोस्त आसिफ उर्फ गज्जू को बाइक से मोहरिया छोड़ने गया था। जब वे मरघटाई के पास पहुंचे और उसका दोस्त रुका, तभी दो मोटरसाइकिलों से अफजल मंसूरी, शाहरूख उर्फ एसआरके और नदीम अफरीदी मौके पर पहुंचे।

बताया जा रहा है कि करीब छह महीने पहले आसिफ और अफजल मंसूरी के बीच विवाद हुआ था, जिसकी शिकायत अधारताल थाने में दर्ज है। उसी रंजिश को लेकर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अफजल मंसूरी ने शराब पीने के लिए 1000 रुपये की मांग की।

जब योगेश ने पैसे देने से इंकार किया, तो अफजल मंसूरी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में योगेश के बाएं पैर की जांघ, पीठ और कंधे के पास गंभीर चोटें आई हैं। वहीं शाहरूख और नदीम ने भी उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की।

घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 296(बी), 115(2), 119(1), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post