दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक भतीजे ने अपने ही चाचा की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना रविवार 26 अप्रैल की सुबह नोहटा थाना क्षेत्र के रोंड गांव की है। मृतक की पहचान 51 वर्षीय चुन्नू रैकवार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी रामजी रैकवार ने अपने चाचा पर उस समय हमला किया, जब वे घर के पास बने बाड़े में सो रहे थे। पहले पत्थर से सिर कुचला गया, फिर सब्बल से कई वार किए गए, जिससे शरीर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
बेटी ने देखा खून से लथपथ पिता
मृतक की बेटी सुषमा रैकवार ने बताया कि रविवार सुबह करीब 7 बजे जब वह पिता को जगाने पहुंची, तो वे खून से लथपथ हालत में पड़े थे। गंभीर रूप से घायल अवस्था में चुन्नू रैकवार ने हमलावर के रूप में अपने भतीजे रामजी का नाम लिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत
परिजनों की मदद से उन्हें तुरंत दमोह जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अभिषेक पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
खून से सने मिले सबूत, विवाद की आशंका
घटनास्थल से खून से सना पत्थर बरामद हुआ है, वहीं आरोपी के कपड़ों पर भी खून के निशान पाए गए हैं। मृतक के भाई नन्हें रैकवार ने बताया कि आरोपी अक्सर विवाद करता था और कुछ दिन पहले भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद हत्या की वजह माना जा रहा है।
गंभीर चोटों से हुई मौत, आरोपी फरार
पुलिस के मुताबिक, मृतक के सिर, गर्दन और सीने में गंभीर चोटें आई हैं। आरोपी रामजी रैकवार शराब का आदी बताया जा रहा है और घटना के बाद से फरार है। उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस लगातार उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है।
