मैहर।मध्यप्रदेश के मैहर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत पटेहरा तालाब में शनिवार (18 अप्रैल) को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तालाब में नहाने गई तीन बच्चियां अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीड़ी कॉलोनी पटेहरा निवासी पूनम चौधरी (10 वर्ष) और शालू चौधरी (17 वर्ष) सहित तीन बच्चियां तालाब में नहा रही थीं। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने या गहराई का अंदाजा न लग पाने के कारण तीनों पानी में डूबने लगीं।
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद दो बच्चियों को पानी से बाहर निकाल लिया गया, जिनमें पूनम चौधरी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
वहीं शालू चौधरी को गंभीर हालत में बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मैहर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
तीसरी बच्ची का अब तक कोई पता नहीं चल सका है। पुलिस और गोताखोरों की टीम तालाब में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
इलाके में शोक और दहशत का माहौल
इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोग प्रशासन से तालाबों के आसपास सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग कर रहे हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
