जबलपुर। शहरवासियों को आगामी तीन दिनों तक पानी की आपूर्ति में आंशिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। नगर निगम के अधीक्षण यंत्री एवं जल विभाग प्रमुख कमलेश श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि भोंगाद्वार जल शोधन संयंत्र में स्थित क्लीयर वॉटर टैंक रिजर्वायर की सफाई का महत्वपूर्ण कार्य 1 मई 2026 से 3 मई 2026 तक किया जाएगा।
इस दौरान संयंत्र से होने वाली नियमित जलापूर्ति प्रभावित रहेगी, जिससे शहर के विभिन्न टंकियों से सप्लाई आंशिक रूप से बाधित होगी। हालांकि, नागरिकों को राहत देने के लिए नगर निगम द्वारा बायपास लाइन के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने के साथ-साथ टैंकरों से भी जल वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
नगर निगम प्रशासन ने इस कार्य को अत्यंत आवश्यक बताते हुए नागरिकों से सहयोग की अपील की है। वहीं महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’, जल प्रभारी दामोदर सोनी तथा निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने इस दौरान होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।
