जबलपुर। माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी बोर्ड परीक्षाओं के परिणामों में संस्कारधानी जबलपुर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेशभर में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा दिया है। इस वर्ष जिले के कुल आठ छात्र-छात्राओं ने राज्य स्तरीय मेरिट सूची में स्थान प्राप्त कर शहर का गौरव बढ़ाया है। परिणाम जारी होते ही स्कूलों और विद्यार्थियों के घरों में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
हायर सेकेंडरी में पांच छात्रों ने मारी बाजी
12वीं कक्षा के विभिन्न संकायों में जबलपुर के पांच विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में जगह बनाई है।
कला संकाय में अल्फिया अंजुम ने प्रदेश में 10वां स्थान हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। वहीं विज्ञान (गणित) समूह में सिहोरा की छात्रा पूर्वी गोलहानी ने 8वां स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया।
कॉमर्स और बायोलॉजी में भी दमदार प्रदर्शन
वाणिज्य संकाय में पंडित लज्जा शंकर झा मॉडल हाई स्कूल की छात्रा अनम अंसारी ने प्रदेश में 10वां स्थान हासिल किया।
जीव विज्ञान संकाय में इसी विद्यालय की कृति पांडे ने 8वां और ओम चौकसे ने 10वां स्थान प्राप्त कर स्कूल की शैक्षणिक गुणवत्ता को साबित किया।
10वीं में भी तीन छात्रों ने बनाई पहचान
हाई स्कूल (10वीं) परीक्षा में भी जबलपुर के विद्यार्थियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
मॉडल हाई स्कूल की श्रेया जैन ने प्रदेश में 4था स्थान हासिल किया। वहीं रानी दुर्गावती कन्या विद्यालय की शुभी सैनी 6ठे और नर्मदा विद्यापीठ के अभिषेक मिश्रा 7वें स्थान पर रहे।
छात्राओं का रहा दबदबा
इस वर्ष के परिणामों में छात्राओं ने विशेष रूप से अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। मेरिट सूची में अधिकांश स्थान छात्राओं ने हासिल किए, जो शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव का संकेत है।
