जबलपुर। बरगी नगर पुलिस चौकी क्षेत्र के पुल घाट इलाके में एक साधु की निर्मम हत्या ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया है। 67 वर्षीय तारापुरी महाराज की हत्या ने न सिर्फ स्थानीय लोगों में भय का माहौल पैदा किया है, बल्कि कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, महाराज घटना से एक दिन पहले ही अदालत में पेशी से लौटे थे और उसी रात अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियार से उनकी हत्या कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय, एडिशनल एसपी और सीएसपी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने इलाके को घेरकर साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
घंसौर कनेक्शन की जांच में जुटी पुलिस
मामले की जांच के दौरान पुलिस को कुछ ऐसे संकेत मिले हैं, जो इस हत्याकांड के तार घंसौर क्षेत्र से जुड़ते नजर आ रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक, मृतक का उस क्षेत्र से पुराना संबंध रहा है। इसी आधार पर पुलिस अब घंसौर लिंक को खंगाल रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं किसी पुराने विवाद ने तो इस वारदात को जन्म नहीं दिया।
अतीत खंगाल रही टीम, हरिद्वार कनेक्शन भी जांच में
तारापुरी महाराज के जीवन से जुड़े पहलुओं को भी जांच के दायरे में लाया गया है। जानकारी के अनुसार, वे कुछ समय तक हरिद्वार में रह चुके थे और कुछ वर्षों पहले ही बरगी नगर लौटे थे। लौटने के बाद वे पुल घाट क्षेत्र में मंदिर निर्माण कार्य में जुटे थे। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं मंदिर निर्माण या जमीन से जुड़े किसी विवाद ने तो इस हत्या को अंजाम देने की भूमिका नहीं बनाई।
तकनीकी साक्ष्यों से मिल रही अहम सुराग
पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ-साथ तकनीकी साक्ष्यों को भी प्राथमिकता दी है। मोबाइल कॉल डिटेल्स और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड्स की गहन जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली गई है और जल्द ही गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है। लेकिन एक साधु की इस तरह हत्या ने कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
