मऊगंज (मध्य प्रदेश)।मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में मंगलवार को एक ऐसा दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार और रील बनाने का शौक तीन युवकों की जिंदगी लील गया, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, पांच युवक दो बाइकों पर सवार होकर तेज गति में चलते हुए सोशल मीडिया के लिए रील बना रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक सड़क किनारे खड़े ईंट से लदे ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक उछलकर दूर जा गिरे और मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसा मऊगंज थाना क्षेत्र के पन्नी पथरिया स्थित नेशनल हाईवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि पहली बाइक के दुर्घटनाग्रस्त होने के तुरंत बाद पीछे आ रही दूसरी बाइक भी उसी ट्रेलर से टकरा गई, जिससे उसमें सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों को पहले स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर किया गया।
मृतकों की पहचान उपलक्ष कोल (17), अमरीश कोल (22) और हेमराज कोल (17) के रूप में हुई है, जो लौर थाना क्षेत्र के बेला गांव के निवासी थे। वहीं घायलों में चितपुरवा गांव के सगे भाई प्रशांत द्विवेदी और प्रदीप द्विवेदी शामिल हैं।
इस हादसे ने एक और चौंकाने वाला मोड़ तब लिया, जब मौके से एक पिस्टल भी बरामद हुई। पुलिस ने हथियार को जब्त कर लिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
