मध्य प्रदेश के सतना जिले से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पीड़ित पति ने आरोप लगाया है कि उसकी लापता पत्नी की तलाश के नाम पर पुलिस ने उससे हजारों रुपये खर्च करवा लिए, लेकिन अब तक कोई ठोस परिणाम नहीं मिला। उल्टा, अब भी उससे और पैसों की मांग की जा रही है। परेशान होकर पीड़ित ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कर न्याय की गुहार लगाई है।
लापरवाही और वसूली के आरोप
पीड़ित ने सिविल लाइन थाने में अपनी आपबीती बताते हुए कहा कि उसकी पत्नी 11 मार्च 2026 से लापता है। गुमशुदगी दर्ज कराने के बावजूद पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की। आरोप है कि जांच के नाम पर उसे आर्थिक रूप से परेशान किया गया।
गोवा ले जाकर खर्च करवाए 65 हजार
पीड़ित के अनुसार, पुलिस ने पत्नी की लोकेशन गोवा बताई और उसे साथ लेकर वहां गई। इस दौरान यात्रा और अन्य खर्चों में उसके करीब 65 हजार रुपये खर्च हो गए, लेकिन पत्नी का कोई सुराग नहीं मिला।
“पैसा खर्च करोगे तभी पत्नी मिलेगी”
सबसे गंभीर आरोप यह है कि अब पुलिसकर्मी और पैसों की मांग कर रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि उससे कहा गया“पैसा खर्च करोगे तभी पत्नी मिलेगी।”
इंस्टाग्राम से शुरू हुआ मामला
जानकारी के अनुसार, महिला को इंस्टाग्राम पर रील बनाने का शौक था। इसी दौरान उसकी पहचान जबलपुर के एक युवक से हुई, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। बताया जा रहा है कि महिला अपने तीन बच्चों और पति को छोड़कर उसी युवक के साथ चली गई।
न्याय की मांग, सिस्टम पर सवाल
तीन बच्चों की जिम्मेदारी और आर्थिक तंगी से जूझ रहा पति अब पूरी तरह टूट चुका है। उसने चेतावनी दी है कि अगर उसे न्याय नहीं मिला तो वह उच्च अधिकारियों तक शिकायत करेगा। फिलहाल, सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत के बाद पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है।
