शादी में खाने को लेकर विवाद, युवक की चाकू मारकर हत्या



सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में एक शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने भयावह रूप ले लिया और एक युवक की जान चली गई। खाने-पीने को लेकर शुरू हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि आरोपी ने युवक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव और शोक का माहौल बना हुआ है।


जानकारी के अनुसार, कोठी थाना क्षेत्र के रनेही गांव में आयोजित एक विवाह समारोह में गौरा मेदनीपुर निवासी रोहित डोहर शामिल होने पहुंचा था। इसी दौरान उसका हलवाई का काम कर रहे सतीश डोहर से खाने को लेकर विवाद हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों के बीच समझाइश कर मामला शांत करा दिया, लेकिन आरोपी के मन में गुस्सा बना रहा।


रास्ते में घेरकर किया जानलेवा हमला

बताया जा रहा है कि समारोह से लौटते समय आरोपी सतीश डोहर ने अपने साथियों के साथ मिलकर रास्ते में रोहित को घेर लिया और सब्जी काटने वाले चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल रोहित को तत्काल कोठी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।


एक ही क्षेत्र के रहने वाले थे आरोपी और मृतक

घटना की सूचना मिलते ही कोठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और मृतक एक ही क्षेत्र के रहने वाले हैं। मृतक रोहित डोहर वकालत की प्रैक्टिस करता था।


पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है। वहीं, घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है और गांव में दहशत का माहौल है।

Post a Comment

Previous Post Next Post