जबलपुर। संजीवनी नगर थाना क्षेत्र में दोस्ती निभाना एक युवक को भारी पड़ गया। पंडा की मड़िया के पास भोजन कर रहे युवक ने जैसे ही अपने दोस्त को विवाद में घिरा देखा, वह उसे बचाने के लिए बाहर दौड़ा, लेकिन वहां पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने उस पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक अपने दोस्त अर्जुन चक्रवर्ती के साथ भोजन कर रहा था। इसी दौरान बाहर से विवाद और शोर-शराबे की आवाजें आने लगीं। दोस्त को मुसीबत में देख युवक तत्काल बाहर पहुंचा, जहां पहले से मौजूद सौरभ चक्रवर्ती उर्फ ‘बुचरा’ ने उस पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि आरोपी सौरभ ने गुस्से में आकर युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर ही गिर पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस दौरान आरोपी के पिता गब्बर चक्रवर्ती ने भी बेटे का साथ देते हुए घायल युवक के चेहरे पर बेरहमी से हमला किया।
सरेराह हुई इस खूनी वारदात से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही संजीवनी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है तथा उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। वहीं घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।
