रांझी में शराब दुकान शिफ्टिंग का विरोध तेज, धार्मिक स्थल के पास संचालन पर भड़के नागरिक



जबलपुर। शहर के रांझी क्षेत्र स्थित बड़ा पत्थर इलाके में संचालित मदिरा दुकान को गांधी चौक से हटाकर जेडीए मार्केट में शिफ्ट किए जाने के फैसले का स्थानीय स्तर पर तीखा विरोध शुरू हो गया है। क्षेत्रीय नागरिकों, व्यापारियों और सामाजिक संगठनों ने इस निर्णय के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर आबकारी आयुक्त के नाम ज्ञापन सौंपा और दुकान को तत्काल हटाने की मांग की।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर शराब दुकान संचालित की जा रही है, वह पूरे क्षेत्र का धार्मिक और सामाजिक केंद्र माना जाता है। बड़ा पत्थर तिराहा क्षेत्र के आसपास दुर्गा मंदिर, शिव मंदिर और संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित है, जहां वर्षभर धार्मिक अनुष्ठान, सामाजिक कार्यक्रम और सार्वजनिक आयोजन होते रहते हैं।

नागरिकों ने बताया कि बुद्ध पूर्णिमा, अंबेडकर जयंती, संत रविदास जयंती, नर्मदा यात्रा और राष्ट्रीय पर्वों के दौरान बड़ी संख्या में परिवार, महिलाएं और श्रद्धालु यहां एकत्र होते हैं। ऐसे संवेदनशील और धार्मिक माहौल वाले क्षेत्र में शराब दुकान खोले जाने से लोगों में भारी नाराजगी और आक्रोश है।

स्थानीय व्यापारियों ने आरोप लगाया कि जेडीए मार्केट में शराब दुकान शुरू होने के बाद से क्षेत्र का शांतिपूर्ण वातावरण प्रभावित होने लगा है। दुकानदारों का कहना है कि अब उन्हें सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर भय सताने लगा है। उनका आरोप है कि मार्केट क्षेत्र में चखना, मांस और मदिरा बिक्री प्रतिबंधित होने के बावजूद नियमों की अनदेखी कर शराब दुकान संचालित की जा रही है।

प्रदर्शनकारियों ने आबकारी विभाग और संबंधित ठेकेदार पर नियमों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि शराब दुकान की अनिवार्य चौहद्दी निर्धारण प्रक्रिया भी पूरी नहीं हुई है। इसके बावजूद दुकान का संचालन जारी रखना प्रशासनिक गाइडलाइन और कानूनी प्रावधानों का खुला उल्लंघन है।

ज्ञापन के माध्यम से नागरिकों ने मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, नियमों का उल्लंघन करने वाले लाइसेंसी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और शराब दुकान को तत्काल प्रभाव से किसी गैर-आवासीय क्षेत्र में स्थानांतरित किया जाए। फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में विरोध लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है।

Post a Comment

Previous Post Next Post