पार्टी से शुरू हुआ विवाद, सड़क पर बहा खून: तीन पत्ती चौक हत्याकांड में मुख्य आरोपी गिरफ्तार

 


जबलपुर। मदन महल थाना क्षेत्र के तीन पत्ती चौक पर 16-17 मई की दरमियानी रात हुए सनसनीखेज हत्याकांड ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। महज एक मामूली विवाद ने देखते ही देखते खूनी रूप ले लिया और 22 वर्षीय कपिल प्यासी की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अंकुश सोंधिया, निहाल सोंधिया समेत एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

पार्टी में धक्का लगा, फिर शुरू हुई कहासुनी

जानकारी के मुताबिक शादी सीजन खत्म होने के बाद शहर के डीजे संचालकों और टेंट कारोबारियों द्वारा एक पार्टी आयोजित की गई थी। पार्टी में कपिल प्यासी, उसका भाई अतुल प्यासी और कई कारोबारी मौजूद थे। इसी दौरान टेंट कारोबारी अंकुश सोंधिया और निहाल सोंधिया भी पार्टी में पहुंचे।

बताया जा रहा है कि शराब पार्टी के दौरान डांस करते समय अंकुश का कपिल को धक्का लग गया। पहले मामूली कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर विवाद शांत करा दिया था, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यही विवाद कुछ घंटों बाद एक युवक की जान ले लेगा।

घर लौटते समय रास्ते में घेरा, फिर बरसाए चाकू

पार्टी खत्म होने के बाद कपिल अपने भाई अतुल के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान तीन पत्ती चौक के पास अंकुश, निहाल और उनके अन्य साथियों ने दोनों भाइयों को रोक लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपियों ने कपिल को घेरकर पहले उसके साथ मारपीट की और फिर उस पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया।

कपिल खुद को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन हमलावर लगातार वार करते रहे। भाई अतुल जब बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। सड़क पर अचानक हुए इस खूनी हमले से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही मौत

गंभीर रूप से घायल कपिल को पुलिस तत्काल मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया गया है कि कपिल अपने भाई अतुल के साथ ट्रांसपोर्ट और डीजे में गाड़ियां लगाने का काम करता था। युवक की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात

घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें आरोपी कपिल का पीछा करते और उस पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post