कीचड़ में फंसी कलेक्टर की गाड़ी ने खोल दी विकास की पोल! पलवा गांव में ग्रामीणों ने घेरा, भ्रष्टाचार के लगाए आरोप

 


जबलपुर। बरगी विधानसभा क्षेत्र के पलवा गांव में विकास कार्यों की जमीनी हकीकत उस समय सबके सामने आ गई, जब निरीक्षण पर पहुंचे कलेक्टर राघवेंद्र सिंह का वाहन ही गांव की कीचड़ भरी सड़क में फंस गया। इस घटना ने पंचायत स्तर पर कराए गए निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, निगरानी व्यवस्था और कथित भ्रष्टाचार पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

कलेक्टर के गांव पहुंचते ही ग्रामीणों ने उनका वाहन रुकवाकर गांव की बदहाल स्थिति दिखाई। लोगों ने आरोप लगाया कि पंचायत में विकास कार्यों के नाम पर लाखों रुपये खर्च दिखाए गए, लेकिन धरातल पर सड़क, नाली और जल निकासी जैसी बुनियादी सुविधाएं तक नहीं सुधरीं।

सड़क पर बह रहा नालियों का पानी, लोगों का चलना दूभर

ग्रामीणों ने बताया कि गांव की मुख्य सड़कें कीचड़ और गंदे पानी से लबालब भरी हुई हैं। नालियों का पानी सीधे सड़कों पर बह रहा है, जिससे पैदल चलना तक मुश्किल हो गया है। लोगों का कहना है कि जब गर्मी के मौसम में यह हाल है, तो बारिश में गांव पूरी तरह दलदल में तब्दील हो जाता है।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि खराब निर्माण कार्यों और लापरवाही के कारण गांव में आवागमन की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी केवल कागजों में विकास दिखाकर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान रहे हैं।

पंचायत पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप

ग्रामीणों ने सरपंच कमलेश पटेल, सहायक सचिव साहू और संबंधित अधिकारियों पर निर्माण कार्यों में अनियमितता और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। ग्रामीणों का कहना था कि कई विकास कार्य केवल फाइलों और दस्तावेजों में पूरे दिखाए गए हैं, जबकि जमीनी स्थिति पूरी तरह अलग है।

लोगों ने पंचायत में हुए सभी निर्माण कार्यों और खर्च की उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई और गांव की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे जिला मुख्यालय पहुंचकर बड़ा आंदोलन करेंगे।

कलेक्टर ने जांच और कार्रवाई का दिया भरोसा

ग्रामीणों की शिकायतें सुनने के बाद कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने मामले को गंभीर बताते हुए संबंधित कार्यों की जांच कराने और दोष पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने ग्रामीणों को कलेक्टर कार्यालय बुलाकर विस्तृत चर्चा करने की बात भी कही।

Post a Comment

Previous Post Next Post