तहसील परिसर में 75 हजार रुपये की रिश्वत लेते सहायक खंड लेखापाल गिरफ्तार, लोकायुक्त की कार्रवाई से मचा हड़कंप

 




शहडोल/ब्योहारी। भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में रीवा लोकायुक्त की टीम ने ब्योहारी तहसील परिसर में दबिश देकर एक सरकारी कर्मचारी को 75 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान लल्लू प्रजापति के रूप में हुई है, जो ब्योहारी तहसील कार्यालय में सहायक खंड लेखापाल के पद पर पदस्थ है।

जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता रमेश प्रसाद रजक, निवासी बाणसागर, से सरकारी मकान से संबंधित मामले को निपटाने और कब्जा हटाने के नाम पर रिश्वत की मांग की गई थी। रमेश रजक नगर परिषद खांड की उपाध्यक्ष सुधा रजक के पति हैं।

बताया गया है कि आरोपी लल्लू प्रजापति ने मामले को रफा-दफा करने के लिए पहले ही शिकायतकर्ता से 35 हजार रुपये अग्रिम राशि के रूप में ले लिए थे। इसके बाद दूसरी किश्त के रूप में 75 हजार रुपये नकद की मांग की गई थी।

शिकायत मिलने के बाद रीवा लोकायुक्त की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। बुधवार को जैसे ही आरोपी ने तहसील परिसर में शिकायतकर्ता से 75 हजार रुपये की रिश्वत ली, लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

अचानक हुई इस कार्रवाई से ब्योहारी तहसील कार्यालय और पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। कर्मचारी और आमजन बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। लोकायुक्त टीम ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि ब्योहारी क्षेत्र में हाल के दिनों में भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार कार्रवाई हो रही है। महज 15 दिन पहले भी लोकायुक्त टीम ने एसडीएम कार्यालय में पदस्थ एक अन्य कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया था। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों ने सरकारी दफ्तरों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post