जबलपुर। जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। मंगलवार सुबह गोरखपुर थाना क्षेत्र के रतन नगर में लोकायुक्त पुलिस ने शाहपुरा तहसील के राजस्व निरीक्षक (आरआई) करण सिंह लोधी को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया।
लोकायुक्त निरीक्षक जितेंद्र यादव ने बताया कि व्यापारी रोहित कुमार जैन ने लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर बताया था कि उन्होंने अपने कुछ व्यापारिक साथियों के साथ शाहपुरा तहसील के कुलोन गांव में मटर प्लांट स्थापित करने के लिए भूमि खरीदी थी। भूमि के सीमांकन के लिए आवेदन तहसील कार्यालय में दिया गया था, लेकिन संबंधित राजस्व निरीक्षक द्वारा कार्रवाई करने के बदले रिश्वत की मांग की जा रही थी।
एक लाख रुपये की मांग, 20 हजार पहले ले चुका था
शिकायतकर्ता रोहित कुमार जैन के अनुसार सीमांकन की प्रक्रिया को जानबूझकर लंबित रखा जा रहा था। जब उन्होंने राजस्व निरीक्षक से संपर्क किया तो आरोपी ने कार्य करने के एवज में एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की। शिकायतकर्ता द्वारा पहले 20 हजार रुपये दिए जाने के बावजूद सीमांकन का कार्य नहीं किया गया और शेष राशि की मांग जारी रही।
इसके बाद व्यापारी ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की।
घर के सामने रिश्वत लेते पकड़ा गया
मंगलवार सुबह लोकायुक्त टीम ने रतन नगर स्थित आरोपी के घर के सामने जाल बिछाया। जैसे ही राजस्व निरीक्षक करण सिंह लोधी ने शिकायतकर्ता से 80 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई।भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी राजस्व निरीक्षक के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 13(1)(बी) एवं 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
इस ट्रैप कार्रवाई में टीएलओ निरीक्षक जितेंद्र यादव, निरीक्षक राहुल गजभिए सहित लोकायुक्त जबलपुर की टीम शामिल रही।
