अवैध संबंध, ब्लैकमेलिंग और अश्लील वीडियो बने हत्या की वजह, महिला समेत तीन गिरफ्तार

 



लापता युवक कोमल वर्मा हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा, शव बोरी में भरकर 15 किलोमीटर दूर फेंका था

शहडोल। जिले में लापता युवक कोमल वर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि अवैध संबंध और अश्लील वीडियो के जरिए की जा रही कथित ब्लैकमेलिंग इस हत्याकांड की मुख्य वजह बनी। मामले में एक महिला, उसके पति और देवर को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार मृतक कोमल वर्मा और आरोपी महिला के बीच प्रेम संबंध थे। जांच में यह तथ्य सामने आया कि मृतक के पास महिला के कुछ आपत्तिजनक वीडियो थे। आरोप है कि वह इन वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर महिला को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था और उस पर संबंध बनाने का दबाव बना रहा था।

प्रताड़ना से परेशान होकर रची हत्या की साजिश

पुलिस जांच के मुताबिक लगातार कथित प्रताड़ना से परेशान महिला ने अपने पति और देवर के साथ मिलकर कोमल वर्मा को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। इसके तहत 28 मई को महिला ने युवक को अपने घर बुलाया।

जैसे ही कोमल वर्मा घर पहुंचा, वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। पुलिस के अनुसार महिला ने लोहे के पाना से उसके सिर पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बोरी में भरकर ठिकाने लगाया शव

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को बोरी में भर दिया। इसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से शव को गांव से करीब 15 किलोमीटर दूर सोंढा गांव के पास ले जाकर फेंक दिया। अगले दिन बोरी में बंद युवक का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी और पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने घटनास्थल, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर मामले का खुलासा करते हुए बैहरसरी निवासी महिला, उसके पति और देवर को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post