ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला। महाराजपुरा थाना क्षेत्र स्थित बीएसएफ कॉलोनी में घर के बाहर खेलने निकले 11 वर्षीय एक मासूम छात्र को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बच्चा कई फीट दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। पूरी घटना कॉलोनी में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार घायल बच्चे की पहचान प्रथम शर्मा (11 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रथम के पिता विजय शर्मा गांव में खेती-किसानी करते हैं। बेहतर शिक्षा के उद्देश्य से उन्होंने अपने बेटे को ग्वालियर में अपने साले रवीश पांडे के घर रखा था। रविवार को प्रथम अपने ममेरे भाई के साथ घर के बाहर खेलने निकला था, तभी तेज रफ्तार कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बच्चा दूर जाकर गिरा, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट आई है। इसके अलावा उसके हाथ की उंगलियों में भी फ्रैक्चर हुआ है। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर पास के एक मकान की दीवार से टकरा गई।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने घायल बच्चे को नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों की निगरानी में उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
सीसीटीवी फुटेज में दुर्घटना का पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हुआ है। फुटेज के अनुसार हादसे के बाद कार में सवार कई युवक वाहन से बाहर निकले और बाद में मौके से चले गए। घटना के बाद कॉलोनी में आक्रोश का माहौल है।
महाराजपुरा थाना पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वाहन नंबर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस वाहन मालिक और संबंधित युवकों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
