दिल्ली के साकेत में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत ढही, 4 मेडिकल छात्रों की मौत



दक्षिण दिल्ली के साकेत |इलाके में एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ वेस्टर्न मार्ग स्थित गली नंबर-5 में एक कमर्शियल इमारत भरभराकर गिर गई। इस मलबे की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में तीन महिलाएं और सात पुरुष शामिल हैं। पुलिस ने लापरवाही बरतने के आरोप में मकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और उसे पूछताछ के लिए नोटिस भेजा है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह हादसा उस वक्त हुआ जब इमारत की सातवीं मंजिल की छत (लेंटर) ढालने की तैयारी चल रही थी। यह एक कमर्शियल प्रॉपर्टी थी, जिसकी पहली और दूसरी मंजिल पर कई निजी दफ्तर संचालित हो रहे थे। जिस समय इमारत गिरी, उसके ठीक बगल के प्लॉट में मेडिकल छात्रों के लिए बनी एक रसोई (मेस) थी। इमारत का भारी-भरकम मलबा इस रसोई पर जा गिरा, जिससे वह भी पूरी तरह जमींदोज हो गई।
मलबे से निकाले गए 14 लोग

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग, NDRF और DDMA की टीमों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। रविवार सुबह तक मलबे से 14 लोगों को बाहर निकालकर तुरंत एम्स (AIIMS) ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। यहाँ डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जिनमें से एक की पहचान 26 वर्षीय रवि के रूप में हुई है।

घायलों में ज्यादातर मेडिकल छात्र हैं, जो हादसे के वक्त रसोई में खाना खा रहे थे। घायलों की पहचान तरुण कुमार (गुरुग्राम), साइका खान (बिहार), नीलम यादव, आदित्य शर्मा, आस्था (तीनों सैदुल्लाजाब), क्षितिज प्रताप (नोएडा), अनुज दीक्षित और विशाल (दोनों साकेत) के रूप में हुई है।
रेस्क्यू टीमों के पहुंचने से पहले बचाई 3 जिंदगियां



शनिवार रात जब यह तीन मंजिला इमारत ढही, तो पूरे इलाके में धूल का गुबार छा गया और चीख-पुकार मच गई। लेकिन आधिकारिक राहत टीमों के पहुंचने से पहले स्थानीय निवासियों ने बेमिसाल हिम्मत दिखाई। मलबे के नीचे से आ रही कराहने की आवाजें सुनकर स्थानीय युवक अपनी जान की परवाह किए बिना आगे आए। आसपास के घरों और दुकानों से फावड़े, लोहे की रॉड और टॉर्च लेकर लोग मलबा हटाने में जुट गए। स्थानीय निवासी जगदीश और भीम ने बताया कि उस वक्त किसी को अपनी सुरक्षा की फिक्र नहीं थी। लोगों ने अपने हाथों से ईंटें और सरिए हटाकर एजेंसियों के पहुंचने से पहले ही तीन घायलों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था। मलबे के नीचे कुछ और लोगों के दबे होने की आशंका के चलते सर्च ऑपरेशन अभी भी जारी है।


Post a Comment

Previous Post Next Post