कर्नाटक से दिल्ली जा रहा था ट्रक, सड़क पर बिखरा पूरा माल; कुछ देर प्रभावित रहा यातायात
जबलपुर। जबलपुर के बरगी रोड स्थित बंजारी घाटी में रविवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पपीते से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक में लदा पूरा पपीता सड़क पर बिखर गया और मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रक चालक रमन नायक (40 वर्ष) निवासी कर्नाटक पपीता लोड कर दिल्ली की ओर जा रहा था। रविवार दोपहर करीब एक बजे जब ट्रक बंजारी घाट से नीचे उतर रहा था, तभी चालक वाहन से संतुलन खो बैठा। देखते ही देखते ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया।
ट्रक में फंसा रहा चालक, लोगों ने बचाई जान
हादसे के बाद चालक ट्रक के केबिन में फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं ट्रक में लदा पपीता सड़क पर बिखर गया। घटना को देखकर राहगीरों और अन्य वाहन चालकों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से चालक को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए शासकीय अस्पताल भेजा, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
कुछ समय के लिए लगा जाम
ट्रक पलटने के कारण बरगी रोड पर यातायात बाधित हो गया और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। हालांकि पुलिस और स्थानीय लोगों के संयुक्त प्रयास से ट्रक को हटाने तथा सड़क को साफ कराने का काम शुरू किया गया, जिसके बाद यातायात को सुचारु कर दिया गया।
दुर्घटनाओं के लिए बदनाम है बंजारी घाटी
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर स्थित बंजारी घाटी क्षेत्र को दुर्घटना संभावित क्षेत्र माना जाता है। यहां तीखे मोड़ और खतरनाक ढलान होने के कारण आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं। पूर्व में भी कई भारी वाहन अनियंत्रित होकर पलट चुके हैं, जिनमें वाहन चालकों और परिचालकों की जान जा चुकी है। दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रशासन द्वारा चेतावनी संकेतक और सुरक्षा बोर्ड लगाए गए हैं, इसके बावजूद यहां हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है।
