जामुन तोड़ने पेड़ पर चढ़ा छात्र करंट की चपेट में आया, गंभीर हालत में जबलपुर रेफर



2 घंटे तक एंबुलेंस का इंतजार, परिजनों ने बताई परेशानी

डिंडौरी। जिले के विक्रमपुर पुलिस चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आनखेड़ा में रविवार को जामुन तोड़ने के दौरान एक 13 वर्षीय छात्र बिजली के करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। घायल किशोर को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 12 बजे आनखेड़ा निवासी किस्मत मरावी (13 वर्ष) अपने साथियों के साथ जामुन तोड़ने गया था। इसी दौरान वह पेड़ के समीप से गुजर रही विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया। तेज करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद साथ मौजूद बच्चों ने तत्काल परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया।

हृदय पर असर की आशंका, एहतियातन रेफर

जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. सुरेश मरावी ने बताया कि करंट लगने की घटनाओं में हृदय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की संभावना बनी रहती है। इसी कारण किशोर की कार्डियक जांच और विशेषज्ञ उपचार के लिए उसे मेडिकल कॉलेज जबलपुर रेफर किया गया है। फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।

रेफर होने के बाद 2 घंटे तक नहीं मिली एंबुलेंस

घायल छात्र के परिजन लालू मरावी ने बताया कि जिला अस्पताल से रेफर किए जाने के बाद उन्होंने 108 एंबुलेंस सेवा से लगातार संपर्क किया, लेकिन करीब दो घंटे तक एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। इससे मरीज को जबलपुर ले जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जिले की सभी एंबुलेंस थीं व्यस्त

वहीं, इस संबंध में 108 एंबुलेंस सेवा के जिला प्रबंधक रवि वर्मा ने बताया कि जिले की उपलब्ध एंबुलेंसें अन्य मरीजों को लेकर जबलपुर और शहडोल गई हुई थीं। इसी वजह से तत्काल एंबुलेंस उपलब्ध कराने में विलंब हुआ।

घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली लाइनों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने की मांग की है।

Post a Comment

Previous Post Next Post