डुमना एयरपोर्ट के पास जमीन से निकला जिंदा बम, 50 मीटर तक थी तबाही की क्षमता; गांव में मचा हड़कंप
जबलपुर। शहर के खमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत डुमना एयरपोर्ट के समीप स्थित ग्राम गदेरी में शुक्रवार शाम उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब मकान निर्माण के लिए की जा रही खुदाई के दौरान जमीन के भीतर से एक जिंदा बम बरामद हुआ। बम मिलने की खबर गांव में आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम गदेरी निवासी सुनील यादव अपने प्लॉट पर मकान का निर्माण करा रहे थे। भवन निर्माण के लिए पिलर की खुदाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मजदूरों को जमीन से करीब 3 से 4 फीट नीचे एक संदिग्ध धातु जैसी वस्तु दिखाई दी। जब उसे ध्यान से देखा गया तो बम होने की आशंका हुई, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और बम निरोधक दस्ता
घटना की जानकारी मिलते ही खमरिया थाना पुलिस और बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) मौके पर पहुंच गया। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर लोगों को दूर हटाया गया। विशेषज्ञों द्वारा जांच किए जाने पर पुष्टि हुई कि जमीन में दबा हुआ गोला एक जिंदा यूएक्सओ (UXO) बम है।
खमरिया थाना प्रभारी राजकुमार खटीक ने बताया कि बरामद बम का वजन लगभग 12 किलोग्राम से अधिक है तथा इसकी मारक क्षमता करीब 50 मीटर तक आंकी गई है। यदि किसी कारणवश इसमें विस्फोट हो जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।
सेना को सौंपा गया बम
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सेना के अधिकारियों को सूचना दी। जांच और सुरक्षा प्रक्रिया पूरी करने के बाद जिंदा बम को सेना के अधिकारियों के सुपुर्द कर दिया गया है। सेना की विशेषज्ञ टीम अब इसे सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज करेगी।
पुराने सैन्य अभ्यास से जुड़ा हो सकता है मामला
प्राथमिक तौर पर माना जा रहा है कि यह यूएक्सओ (Unexploded Ordnance) यानी ऐसा विस्फोटक है जो किसी समय उपयोग या परीक्षण के दौरान फटा नहीं और जमीन के भीतर दबा रह गया। चूंकि खमरिया और डुमना क्षेत्र लंबे समय से सैन्य गतिविधियों से जुड़ा रहा है, इसलिए बम के वहां पहुंचने की संभावना भी इसी दृष्टिकोण से जांची जा रही है।
फिलहाल पुलिस और सेना की टीम मामले की विस्तृत जांच कर रही है। जिंदा बम मिलने की इस घटना ने क्षेत्र के लोगों को हैरान कर दिया है और सुरक्षा को लेकर कई सवाल भी खड़े कर दिए हैं।
