पाटन के खमदेही गांव में चली गोली, पुरानी रंजिश में युवक के पेट में मारी गोली; हालत नाजुक

 



जबलपुर। जिले के पाटन थाना क्षेत्र अंतर्गत खमदेही गांव शनिवार सुबह गोलियों की आवाज से दहल उठा। वर्षों से चली आ रही पुरानी रंजिश ने अचानक हिंसक रूप ले लिया, जब एक युवक पर देसी कट्टे से फायर कर दिया गया। गोली युवक के पेट में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। उसे तत्काल मेडिकल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

पाटन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम खमदेही निवासी धर्मेंद्र रैकवार और रामनारायण पटेल के बीच लंबे समय से विवाद और रंजिश चली आ रही थी। शनिवार सुबह दोनों पक्षों के बीच फिर विवाद हुआ, जिसने देखते ही देखते खूनी रूप धारण कर लिया।

आरोप है कि विवाद के दौरान रामनारायण पटेल ने देसी कट्टा निकालकर धर्मेंद्र रैकवार पर फायर कर दिया। गोली सीधे धर्मेंद्र के पेट में जा लगी। गोली लगते ही वह दर्द से कराहते हुए जमीन पर गिर पड़ा और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल धर्मेंद्र को तत्काल उपचार के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

इधर, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी रामनारायण पटेल मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पाटन थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश का सामने आया है। घायल युवक के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस सतर्कता बरत रही है।

Post a Comment

Previous Post Next Post