भीषण सड़क हादसा: पुलिया से नीचे पलटी ट्रैक्टर-ट्रॉली, 6 ग्रामीणों की मौत, 30 से अधिक घायल

 

अनूपपुर।


ध्य प्रदेश के अनूपपुर और उमरिया जिले की सीमा पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। पुष्पराजगढ़ तहसील अंतर्गत करनपठार थाना क्षेत्र की सरई चौकी के तिवनी गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे जा गिरी और पलट गई। इस भयावह दुर्घटना में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 30 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार गिंजरी और पड़मनिया गांव के ग्रामीण बिजौरा ग्राम पंचायत के तिवनी जंगल में धार्मिक पूजा-अर्चना के लिए गए थे। देर शाम पूजा संपन्न होने के बाद सभी लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान तिवनी गांव के पास पुलिया के मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रैक्टर-ट्रॉली लगभग दस फीट नीचे जा गिरी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रॉली में 40 से अधिक लोग सवार थे। हादसा इतना भीषण था कि ट्रॉली में बैठे ग्रामीण दूर-दूर तक जा गिरे। मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घायलों को शहडोल मेडिकल कॉलेज किया गया रेफर

घटना की सूचना मिलते ही उमरिया जिले के पाली थाना पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। 108 एम्बुलेंस की सहायता से सभी घायलों को पाली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए शहडोल मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसे में 22 पुरुष, 14 महिलाएं और 5 बच्चे घायल हुए हैं। बड़ी संख्या में परिजन अस्पताल पहुंच गए, जिससे अस्पताल परिसर में देर रात तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

दो की मौके पर मौत, चार ने अस्पताल में तोड़ा दम

बताया जा रहा है कि दुर्घटना में दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य घायलों ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान घनश्याम सिंह (45), भूपत सिंह (50) निवासी पड़मनिया, सहबल बैगा (55) पिता गल्लीराम तथा बीर सिंह (60) निवासी गिंजरी के रूप में हुई है। अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि ट्रैक्टर चालक तेज गति से वाहन चला रहा था। पुलिया के मोड़ पर वह वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका, जिसके कारण ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हालांकि पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।

कलेक्टर पहुंचे अस्पताल, आर्थिक सहायता का ऐलान

दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए अनूपपुर कलेक्टर हर्षल पंचोली स्वयं शहडोल मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना तथा मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी।

कलेक्टर ने बताया कि इस हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजन को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से 4-4 लाख रुपये तथा संबल योजना के तहत 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया है। प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों के साथ-साथ घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था में जुटा हुआ है।

Post a Comment

Previous Post Next Post